गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में 30 अगस्त को होने वाले 43वें दीक्षांत समारोह के लिए अलग ड्रेस कोड तय किया गया है। यह पहला मौका है जब दीक्षांत के लिए ड्रेस कोड निर्धारित किया गया है। पदक विजेताओं व डिग्री/उपाधि प्राप्त करने वाले छात्र सफेद पारंपरिक कुर्ता पजामा में नजर आएंगे। इसी तरह छात्राएं पीली साड़ी पहनेंगी।
संकाय सदस्यों में शिक्षकों के लिए ऑफ व्हाइट कुर्ता-पजामा और शिक्षिकाओं के लिए ऑफ व्हाइट साड़ी ड्रेस कोड तय किया गया है। प्रस्तावित ड्रेस कोड को अंतिम मंजूरी कार्य परिषद देगी।
दीक्षांत समारोह में अलग परिधान के लिए हमेशा आवाज उठती रही है। इसे देखते हुए पहली बार भारतीय पारंपरिक पहनावे का चयन ड्रेस कोड के रूप में किया गया है। मंच सज्जा की संयोजक प्रो. दिव्या रानी सिंह ने बताया कि संकायवार पटका निर्धारित है। पटके से ही छात्रों के संकाय की पहचान होती है। इसके तहत विज्ञान संकाय के टॉपर्स नीले रंग का पटका ग्रहण करेंगे। कला के छात्र मैरून, विधि के छात्र केसरिया, मेडिकल छात्र सफेद, एजुकेशन के छात्र गुलाबी, कृषि संकाय के छात्र हरे रंगा के पटके में नजर आएंगे।
वर्जनप्रस्तावित ड्रेस कोड का उद्देश्य दीक्षांत समारोह के दौरान एकता और परंपरा की भावना पैदा करना है। ड्रेस कोड की शुरुआत हमारी सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने और संकाय व छात्रों के बीच गर्व की भावना को बढ़ावा देने की दिशा में एक कदम है।
- प्रो. पूनम टंडन, कुलपति