उनवल। खजनी थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक महिला के घायल होने और लूटपाट की घटना सामने आई है। तिवारीपुर के बहरामपुर निवासी श्याम कुमार शर्मा अपनी पत्नी पूर्णिमा के साथ बाइक से शुक्रवार की शाम करीब 6:30 बजे ससुराल जयपालपार गांव जा रहे थे। कटघर चौराहे से आगे बढ़ने पर पीछे से एक बाइक पर सवार दो बदमाशों ने ठोकर मार दी। ठोकर लगने से पूर्णिमा का संतुलन बिगड़ गया। इसी बीच बदमाशों ने उनके हाथ में मौजूद पर्स छीन लिया जिसमें 1500 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन था। पूर्णिमा के गिरने और चोटिल होने पर स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे और पास के अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद पूर्णिमा मायके चली गईं। शनिवार की सुबह पति के साथ खजनी थाने पहुंचकर तहरीर दी। श्याम ने बताया कि घटना बेहद खतरनाक थी, लेकिन गनीमत रहा कि हादसे के वक्त पीछे से कोई अन्य वाहन नहीं आया।