चिलुआताल थाना क्षेत्र के चिउटहा पुल के पास बुधवार की देर रात बाइक सवार बदमाशों ने महराजगंज निवासी व्यापारी के चालक से 9.70 लाख रुपये लूट लिए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर पुलिस अधिकारियों ने पहुंचकर जांच शुरू की। हालांकि पुलिस का कहना है कि चालक ने देर से सूचना दी, इस वजह से घटना संदिग्ध लग रही है।
जानकारी के अनुसार, महराजगंज के फरेंदा निवासी आशीष गोरखपुर और महराजगंज में कंबाइन मशीन का थोक व्यवसाय करते हैं। उन्होंने अपने चालक टुन्नू प्रजापति को गोरखपुर में मेडिकल कॉलेज के पास दुकानों से वसूली के लिए भेजा था। चालक ने लगभग 9.70 लाख रुपये एकत्र किए थे। वह इस रकम को लेकर कार से महराजगंज की ओर रवाना हुआ।
इसी दौरान चिउटहा पुल के पास दो बाइक पर सवार चार अज्ञात बदमाशों ने उसकी गाड़ी को ओवरटेक कर रुकवा लिया और हथियार दिखाकर रुपये से भरा बैग लूटकर भाग निकले। घटना की सूचना चालक ने व्यापारी आशीष को दी, जिसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई।
मौके पर एसपी नार्थ जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी कैंपियरगंज सहित फोर्स ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और बदमाशों के आने-जाने के संभावित मार्गों की पहचान की जा रही है।
एसपी नार्थ जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि घटना के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। चालक द्वारा सूचना देर से देने के कारण मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। हर पहलू से जांच की जा रही है।