जंगल कौड़िया। पीपीगंज थाना क्षेत्र के जंगल कौड़िया में ताल में मछली चोरी का विरोध करने पर दबंगों ने किशन व उसके साथियों को लाठी-डंडों से पीट दिया। ताल मालिक भवनबारी निवासी रामअशीष ने आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। रामअशीष ने बताया कि बीते 12 अगस्त को किशन, विशंभर और भागीरथी साहनी ताल की रखवाली कर रहे थे। तभी देर रात 9:50 बजे डीहाघाट टोला अमाहवा के लालू, राजन, परमेश्वर, सत्यम, नवमी अपने तीन अज्ञात साथियों के साथ ताल में चोरी से जाल डालकर मछली पकड़ने लगे। किशन ने जब विरोध किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोप है कि उन्होंने नाव भी पलट दी तो तीनों रखवाले गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित पक्ष का कहना है कि आरोपी आए दिन मछली चोरी करते हैं और जान से मारने की धमकी भी देते हैं। मामले में चिलुआताल पुलिस न केस दर्ज किया था, लेकिन घटनास्थल पीपीगंज थाना क्षेत्र होने के चलते केस ट्रांसफर कर दिया गया।