पादरी बाजार (गोरखपुर)। शाहपुर इलाके के राप्तीनगर हाइडिल तिराहा के पास बृहस्पतिवार को एक युवक ने दर्जी और उसके दो बच्चों पर बांका से हमला कर दिया था। शुक्रवार को पीड़ित कन्हैया लाल की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। आरोपी ने बृहस्पतिवार की अपनी बुआ का गला भी दबाया था।
जानकारी के अनुसार, बस्ती जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के बनकटी निवासी कन्हैया लाल शाहपुर इलाके के राप्तीनगर के पास बैग सिलने की दुकान चलाते हैं। बृहस्पतिवार देर रात करीब 10 बजे उनकी दुकान पर 12 वर्षीय बेटी शिवांगी व 14 वर्षीय बेटा शिवम भी मौजूद थे। बगल में स्थित मुर्गा विक्रेता से युवक का विवाद हो गया।
आरोपी ने मुर्गा काटने वाला बांका उठाकर विक्रेता को दौड़ा लिया। बचने के लिए मुर्गा विक्रेता, कन्हैया की दुकान में पहुंचा और कन्हैया के पीछे छिपने लगा। बांका लिए आरोपी भी वहां पहुंच गया। उसने कन्हैया पर ही हमला कर दिया। घटना की सूचना पकर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया था। सीओ गोरखनाथ रवि कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
तीन-चार साल से चल रहा मानसिक रोग का इलाज
आरोपी ध्रुव के परिजनों ने बताया कि तीन-चार साल से मेडिकल कॉलेज और निजी डॉक्टर के यहां से उसके मानसिक रोग का इलाज चल रहा है। आराम मिलने पर बीच-बीच में वह दवा छोड़ देता है। इधर तीन दिन से फिर उसकी मानसिक स्थिति खराब थी।
परिजन दवा के साथ झाड़-फूंक भी करा रहे थे। बताया जा रहा है कि बृहस्पतिवार की सुबह घर के पास पड़ोस की बुआ को गिराकर पैर से गला दबा दिया था। शोर मचाने पर आसपास के लोग जुटे और किसी तरह उसे छुड़ाया। ध्रुव पेंटिंग का काम करता है। वह अपने माता-पिता, पत्नी और दो बच्चों के साथ रहता है।