खोराबार। इलाके के एक गांव की रहने वाली किशोरी एक मार्च को शादी समारोह में गई थी। वहां गांव के एक युवक ने जबरिया खींचकर एकांत स्थान पर ले जाकर दुष्कर्म की कोशिश की। मामले में किशोरी की मां ने खोराबार थाने में जनसुनवाई के तहत रविवार को तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। किशोरी की मां ने तहरीर के माध्यम से बताया कि एक मार्च 2025 को परिवार में शादी थी। वह घर से अपनी नाबालिग बेटी के साथ रात करीब 11 बजे समारोह में शामिल होने जा रही थी। रास्ते में गांव का युवक किशोरी का जबरिया हाथ पकड़ कर खेत में लेकर चला गया। आरोप है कि उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश की। किशोरी ने विरोध किया तो वह गाली गलौज करने लगा। हालांकि इस दौरान किशोरी की मां ने शोर किया। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे तो वह जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गया। किशोरी की मां का कहना है कि बेटी ने लोकलाज के कारण आपबीती नहीं बताई। एक सप्ताह बाद खोराबार थाने पर लगातार दो दिन तहरीर लेकर पहुंची लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।