गोरखपुर। गोरखनाथ थाना क्षेत्र के अंतर्गत गोरखनाथ सब्जी मंडी के पास शनिवार की शाम फुल्की के रुपये मांगने पर मनबढ़ ने फेरीवाले के गले पर ब्लेड से वार कर दिया। खून से लतपथ वह नीचे गिर गया। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई। घायल को बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है जहां उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। फेरीवाले की पहचान झांसी जिले के समथर थाना क्षेत्र के लोहागढ़ गांव निवासी भानू गौतम के रूप में हुई है। भानू गोरखनाथ के हुमायूंपुर उत्तरी, गोरखनाथ पुल के पास किराए पर कमरा लेकर परिवार के साथ रहने के साथ ही फुल्की बेचता है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार की शाम करीब सात बजे हुमायूंपुर का रहने वाला विशाल पासवान उनके ठेले पर फुल्की खाने पहुंचा। खाने के बाद जब भानू ने रुपये मांगे तो विवाद करने लगा। विरोध करने पर विशाल ने जेब से ब्लेड निकाल भानू के गले पर वार कर दिया। एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि हत्या की काेशिश करने का केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।