गोरखपुर। वार्ड नंबर-16 दिग्विजयनगर में एक ही सड़क का दो बार टेंडर करने और उसे उखाड़ने के मामले में जेई राजकुमार और एई शैलेष कुमार को निलंबित करने के लिए शासन रिपोर्ट भेज दी है। साथ ही जेई विवेकानंद को प्रतिकूल प्रविष्टि और अधिशासी अभियंता अमरनाथ को निंदा के साथ अंतिम चेतावनी के लिए कहा है।
मामला सामने आने के बाद नगर नगर आयुक्त ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। निगम प्रशासन की ओर से सड़क तोड़ने वाली फर्म मेसर्स अंबुजा कंस्ट्रक्शन के ठेकेदार पर पहले ही गोरखनाथ थाने में केस दर्ज कराया जा चुका है। जांच में प्रथम दृष्टया दोषी पाए गए एक्सईएन, सहायक अभियंता और दोनों अवर अभियंता को एक हफ्ते पहले नोटिस देकर पांच दिन में जवाब मांगा गया था। मुख्य अभियंता संजय चौहान ने नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल को अपनी रिपोर्ट दी, जिसके बाद बृहस्पतिवार को उन्होंने कार्रवाई के लिए शासन को रिपोर्ट भेज दी गई। रिपोर्ट के मुताबिक, नगर निगम के जेई राजकुमार ने ही दोनों बार सड़क का प्रस्ताव तैयार किया था। इसके पहले कई तरह की अनियमितताओं पर नगर आयुक्त ने उनसे से वार्ड का काम लेकर अपने कार्यालय से संबद्ध कर दिया था।
कोट...
एक ही सड़क का दो बार टेंडर और उसे उखाड़ने के मामले में जेई राजकुमार और एई शैलेष कुमार को निलंबित करने के लिए शासन को संस्तुति कर दी गई है। उम्मीद है जल्द ही कार्रवाई हो जाएगी। वहीं, एक अन्य जेई विवेकानंद को प्रतिकूल प्रविष्टि और एक्सईएन अमरनाथ के खिलाफ निंदा जारी करते हुए उन्हें चेतावनी दी गई है।
- गौरव सिंह सोगरवाल, नगर आयुक्त