झंगहा। रेलवे ग्रुप डी में नौकरी लगवाने के नाम पर छह लाख रुपये लेकर फर्जी नियुक्ति पत्र देने व वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी देने के आरोपी को झंगहा पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। तेंदुआ खुर्द गांव निवासी विनय कुमार शुक्ला उर्फ पुनीत शुक्ला को पुलिस ने भोपा बाजार चौराहे से चार पहिया वाहन के साथ गिरफ्तार किया।
वाहन को एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया। विनय के विरुद्ध एसएसपी ने पांच हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया था। उस पर तेंदुआ खुर्द गांव निवासी प्रेम शंकर शर्मा, शशि कपूर शर्मा और अरविंद चौहान से रेलवे ग्रुप डी में नौकरी दिलवाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति से छह लाख रुपये की मांग की थी। आरोप है कि विनय ने लोगों से 4.90 लाख रुपये खाते में, 1.10 लाख रुपये नकद, आधार कार्ड और सादे कागज पर अंगूठा लगवा लिया। दिल्ली ले जाकर एक होटल में तीन दिन रखने के बाद दिल्ली में ही एक कार्यालय में ले जाकर कंप्यूटर में रेलवे भर्ती बोर्ड की लिखित परीक्षा की उत्तर माला दिखाई। कुछ दिनों बाद नौकरी नहीं मिलने के बाद रुपये की मांग करने पर गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी।