गोला। पूर्वांचल सेंट्रल एकेडमी गर्ल्स इंटर कॉलेज में घुसकर सीसी कैमरे तोड़ने और चोरी के आरोपी की पहचान स्कूल प्रबंधक के बेटे ने कर ली है। प्रबंधक के बेटे प्रतीक त्रिपाठी रिशू ने पुलिस को सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराया, जिसके आधार पर गोला पुलिस ने केस दर्ज कर लिया। प्रबंधक घनश्याम त्रिपाठी के अनुसार, आठ अगस्त अपराह्न तीन बजे युवक स्कूल में घुसा और 15 सीसी कैमरे तोड़ दिए। इनमें से चार कैमरे वह उठा ले गया। थाने से बाहर आने के बाद प्रतीक ने केस की प्रति के साथ युवक का फोटो और वीडियो सोशल मीडिया व व्हाट्सएप ग्रुपों में पोस्ट कर दिया। वायरल होते ही एक युवक ने फोन कर बताया कि फोटो में दिख रहा युवक सिकरीगंज थाना क्षेत्र के ढेबरा गांव का रहने वाला है। इसके बाद प्रतीक आरोपी के घर पहुंच गए और उसके पिता को पूरी घटना की जानकारी दी। पिता ने बेटे को फोन मिलाया, लेकिन जब आरोपी को पता चला कि उसकी तलाश में लोग घर आ गए हैं, तो उसने मोबाइल स्विच ऑफ कर लिया। शाम को एसपी दक्षिणी के निर्देश पर गोला पुलिस आरोपी के घर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।