फांसी लगाकर जान देने की कोशिश कर रहा था, पड़ोस वालों ने बचाया
गीडा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे प्रेम प्रसंग में 24 वर्षीय युवक ने फंदा लगा लिया। आवाज सुनकर तत्काल पड़ोसियों ने लोहे का दरवाजा तोड़कर फंदे के सहारे लटक रहे युवक को नीचे उतारा। इसके बाद गंभीर हालत में बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।
जानकारी के मुताबिक, युवक का पड़ोस में रहने वाली एक युवती से प्रेम प्रसंग था। जानकारी पर शनिवार को युवक की मां युवती के घर गई। इस पर युवती अपने घरवालों के साथ विवाद करने लगी। इस दौरान युवक वहां पहुंचकर बीच बचाव करने लगा।
बताया जा रहा है कि विवाद नहीं रुकने पर युवक ने खुद को खत्म करने की बात कही। आरोप है तब युवती ने कह दिया कि जाओ खुद को खत्म कर लो। इसके बाद लौटकर आए युवक ने घर के एक कमरे में जाकर फंदा लगा लिया। वहीं आरोप है कि युवती के परिजनों ने युवक की मां को मारपीट कर घायल कर दिया।
गीडा क्षेत्र में युवक ने फंदा लगाकर खुदकुशी की कोशिश की है। गीडा पुलिस युवक के परिजनों की तहरीर पर मारपीट का केस दर्ज किया है। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए घर पर पुलिस तैनात की गई है:
एसपी नॉर्थ जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव