पिपराइच इलाके में सोमवार को युवक ने अपने बाबा की लाइसेंसी बंदूक से सीने में गोली मारकर खुदकुशी कर ली। युवक की पहचान जंगल पकड़ी निवासी सुनील सिंह के बेटे सौरभ सिंह (22) के रूप में हुई। घटना के बाद पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
पुलिस के मुताबिक, किसी बात को लेकर सौरभ तनाव में चल रहा था। इसका कारण पता किया जा रहा है। वहीं पुलिस के साथ ही फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्रित किए।
पुलिस के अनुसार, सौरभ सिंह गीडा स्थित एक इंजीनियरिंग कॉलेज में बीटेक (स्नातक) का छात्र था।
उसके बाबा कैलाश सिंह सेना से सेवानिवृत थे। सोमवार अपराह्न तीन बजे घर पर बाबा कैलाश सिंह की लाइसेंसी बंदूक से सीने में बाएं तरफ गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर पहुंचे चाचा आनन-फानन में सौरभ को मेडिकल कॉलेज लेकर गए।
जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक तीन भाइयों में बड़ा था। इसके दो छोटे भाई साहिल और छोटू हैं। पिता प्राइवेट गाड़ी चलाते हैं। घटना के दौरान पिता सुनील सिंह लखनऊ और अन्य परिजन घर के बाहर गए थे।
चाचा अनिल सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि सौरभ इधर कुछ दिनों से मानसिक तनाव में था। इसलिए खुदकुशी कर ली है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बंदूक बरामद कर कब्जे में ले लिया। पिपराइच थाने के एसएसआई अजीत कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि सीने में बाएं तरफ गोली लगी है। इस प्रकरण की जांच की जा रही है।