रुद्रपुर/मदनपुर। क्षेत्र की एक महिला से गोरखपुर के रहने वाले भाई-बहन ने फर्जी समिति के जरिये
साढ़े आठ लाख रुपये ठग लिए। मामला प्रकाश में आने के बाद पुलिस दोनों आरोपियों पर फर्जीवाड़ा का केस दर्ज कर जांच में जुट गई है।
मदनपुर निवासी फिरदौस जहां पुत्री सफायत अंसारी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि उनकी शादी पश्चिम बंगाल के उत्तर चौबीस परगना जिले में इलियास से हुई है। वह अक्सर मायके आते-जाते रहती हैं। गोरखपुर जिले के झंगहा थाना क्षेत्र के गजाईकोल गांव में अपनी बहन के घर गई थीं। जहां मुलाकात मीना गौड़ उर्फ रिंकी से हुई। मीना ने अपने भाई राहुल के बारे में बताते हुए कहा कि वह एक समिति चलाता है। इसमें रुपये जमा करने पर अच्छा मुनाफा मिलता है। इसके बाद फिरदौस ने कई किस्तों में साढ़े आठ लाख रुपये जमा किए। वह वर्ष 2018 से रुपये जमा कर रही थीं। जमा करने की छह वर्ष की अवधि पूरी होने के बाद मीना ने रसीद, पासबुक जमा रुपये निकालने के नाम पर मांग लिए। पीड़िता का कहना है कि अब भाई-बहन फरार हैं। जमा पूंजी भी नहीं मिली। जब पता करने उसके गांव गई तो मामला खुला कि समिति ही फर्जी है और उसमें कोई रकम भी जमा नहीं होती। पीड़ित महिला की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी राहुल और उसकी बहन मीना पर केस दर्ज कर लिया है। मदनपुर थानाध्यक्ष वीके सिंह ने कहा कि पुलिस केस दर्ज कर विवेचना में जुटी है।