गोरखपुर। एम्स थाना क्षेत्र के नंदानगर स्थित स्वास्तिक फार्मा दवा दुकान में शनिवार को चोरों ने शटर तोड़कर कैश काउंटर से 53 हजार रुपये चोरी कर लिए। दुकान के मालिक शिव शंकर गिरि ने घटना की सूचना एम्स थाना पुलिस को दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपियों पर केस दर्ज कर मामले की छानबीन कर रही है। कुशीनगर जिले के पटहेरवा मझवा गांव निवासी शिवशंकर गिरि स्वास्तिक फार्मा की थोक दुकान चलाते हैं। शनिवार को दिन में करीब 11:30 बजे वह दुकान का शटर गिराकर पास के ही एक व्यक्ति को दवा देने गए थे। करीब 12 बजे जब लौटे और दुकान के अंदर पहुंचे, तो देखा कि कैश काउंटर का लॉक टूटा हुआ था। उसमें रखा 53 हजार रुपये गायब थे। एम्स थाना प्रभारी संजय मिश्रा ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है, ताकि आरोपी की पहचान की जा सके। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।