अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे के गोरखपुर यांत्रिक कारखाना ने इस साल अक्तूबर तक लक्ष्य से अधिक कोच अनुरक्षण कर देशभर में तीसरा स्थान हासिल किया है। इसके अलावा इस कारखाना में खपत का करीब 23 प्रतिशत हिस्सा सौर उर्जा से लिया गया है।
सीपीआरओ पंकज कुमार सिंह ने बताया कि गोरखपुर और इज्जतनगर के यांत्रिक कारखाने में 740 कोचों के अनुरक्षण के लक्ष्य से आगे बढ़कर 1341 एलएचबी एवं आईसीएफ कोचों का अनुरक्षण किया गया। यांत्रिक कारखाना, गोरखपुर से 1150 एलएचबी एवं आईसीएफ कोचों का अनुरक्षण किया गया है, जो सभी कारखानों में तीसरे स्थान पर है।
इसी प्रकार, इज्जतनगर यांत्रिक कारखाने में 525 बीजी वैगन एवं 25 एमजी कोच का अनुरक्षण किया गया, जो लक्ष्य से अधिक है। सौर ऊर्जा के क्षेत्र में वित्त वर्ष 2023-24 में यांत्रिक कारखाना, गोरखपुर में 351 एमडब्ल्यूएच सौर ऊर्जा का उत्पादन हुआ है, जो खपत की गई ऊर्जा का 22.14 प्रतिशत है। जबकि यांत्रिक कारखाना, इज्जतनगर में 187 एमडब्ल्यूएच सौर ऊर्जा का उत्पादन हुआ, जो खपत की गई ऊर्जा का 16.80 प्रतिशत है।