गोरखपुर डीएम विजय किरन आनंद ने कहा कि स्वास्थ्य कर्मियों को कोरोना की संभावित तीसरी लहर के लिए अभी से तैयार रहना होगा। वह कलेक्ट्रेट सभागार में बीआरडी प्राचार्य, सीएमओ और एसीएमओ के साथ बृहस्पतिवार को कोरोना महामारी की वर्तमान स्थिति की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कोविड की दूसरी लहर में स्वास्थ्यकर्मियों के कार्य की सराहना भी की।
डीएम ने टीकाकरण पर जोर देते हुए इसकी कमी को जल्द से जल्द दूर करने की बात कही। उनको बताया गया कि तीसरी लहर से निपटने के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज में 100 बेड का पीडियाट्रिक आईसीयू वार्ड बनकर तैयार हो गया है। जिला अस्पताल में 24 घंटे कोविड जांच भी की जा रही है।
समीक्षा के दौरान डीएम ने कहा कि गंदगी सभी बीमारियों की जड़ है। स्वच्छता और सावधानी अपनाकर कई बीमारियों से बचा जा सकता है। इनमें मस्तिष्क ज्वर जैसी गंभीर बीमारियां शामिल है। छूटे हुए बच्चों को जेई का टीका जरूर लगवाएं।
बैठक में सीडीओ इंद्रजीत सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सुमित महाजन, बीआरडी मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. गणेश कुमार, सीएमओ डॉ. सुधाकर पांडेय, जिला अस्पताल एसआईसी डॉ एके श्रीवास्तव, डॉ. एनके पांडेय, डॉ. एके चौधरी, डॉ. एके सिंह, डॉ. एसएन त्रिपाठी, डॉ. नंद कुमार, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. रामेश्वर मिश्रा आदि मौजूद रहे।