झांसी के बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के समता गर्ल्स हॉस्टल में खुदकुशी करने वाली गोरखपुर की रहने वाली बीटेक छात्रा सृष्टि का शनिवार को परिजनों ने वाराणसी में अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं, दूसरी तरफ उनके जानने वालों को घटना की जानकारी हुई तो लोग धर्मपुर स्थित घर पर आना शुरू कर दिए। घर पर एक रिश्तेदार रुके हुए हैं, जिनसे लोग पूरे मामले की जानकारी ले रहे हैं। हालांकि, परिजन अभी घर नहीं पहुंचे हैं।
जानकारी के मुताबिक, धर्मपुर निवासी जय प्रकाश राय बिहार पुलिस से रिटायर्ड हैं और पूरे परिवार के साथ शाहपुर के धर्मपुर में रहते हैं। बृहस्पतिवार रात उनकी छोटी बेटी बीटेक की छात्रा सृष्टि ने झांसी स्थित समता गर्ल्स हॉस्टल में फंदे से लटक कर खुदकुशी कर ली थी। मामले में परिजनों ने झांसी के कुछ शिक्षकों पर गंभीर आरोप भी लगाए हैं। वहीं, पोस्टमार्टम के बाद झांसी से शव मिलने के बाद परिजन सीधे वाराणसी पहुंचे और वहीं पर अंतिम संस्कार कर दिया।