गोलघर कचहरी चौक के पास गलियारा में लगी दुकाने
- फोटो : अमर उजाला
गोलघर गलियारा सहित शहर के प्रमुख बाजारों में दुकानों के सामने कब्जा हटवाने के लिए बोर्ड की बैठक में हुए निर्णय का गजट होगा और इसके बाद कार्रवाई होगी। इसकी प्रक्रिया नगर निगम ने शुरू कर दी है। नगर निगम ने व्यापारियों को इस अवधि तक अतिक्रमण हटाने का मौका दिया है।
गोलघर गलियारे पर दुकानदारों का कब्जा पहले जैसे ही बरकरार है। कुछ दिनों पहले अभियान चलाकर नगर निगम ने कब्जा हटवाया था, लेकिन अभियान शांत होने के बाद पहले जैसी ही स्थिति हो गई है। शुक्रवार को भालोटिया मार्केट से लेकर कलेक्ट्रेट चौराहे तक नगर निगम की सभी दुकानों के आगे गलियारे में कब्जा दिखा।
इसी प्रकार जलकल भवन के सामने की दुकानों पर भी दुकानदारों ने अतिक्रमण कर रखा है। गणेश चौराहे से इंदिरा बाल विहार तक बनी दुकानों में अभियान के बाद सामान अंदर हो गया था, लेकिन अब दोबारा बाहर हो गया है। लाइन से सभी दुकानदारों ने सामान गलियारे में रख लिया है। गलियारे में सामान है, सामने गाड़ी और पैदल यात्री सड़क पर आते-जाते नजर आए।
पिछले महीने नगर निगम बोर्ड की बैठक में बाजारों के गलियारों से अतिक्रमण हटाने का फैसला हुआ था। निगम अधिकारियों की मानें तो गजट होने के बाद गलियारे से अतिक्रमण पर कार्रवाई शुरू हो जाएगी।
जलकल भवन की टूटेंगी दुकानें
लगभग तीन एकड़ में फैले जलकल भवन परिसर में नगर निगम की योजना मल्टीप्लेक्स बनाने की है। इसमें शॉपिंग मॉल और होटल बनाया जाएगा। इसकी वजह से जलकल भवन में बनी सारी दुकानें टूट जाएंगी।
नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने बताया कि गोलघर गलियारे में बहुत जल्द अभियान चलाकर अतिक्रमण हटवाया जाएगा। बोर्ड की बैठक में बाजारों के गलियारों से अतिक्रमण हटाने का फैसला हुआ था। इसका गजट होने के बाद ये कार्रवाई शुरू हो जाएगी। अभी भी बाजार में सूचना प्रसारित करवाकर अतिक्रमण हटाने को कहा जा रहा है। व्यापारियों के पास अभी स्वयं से हटाने का मौका है।