संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। गोड़धोइया नाले पर जल निगम की ओर से बिछिया में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का काम चल रहा है, लेकिन सुरक्षा के किसी तरह के इंतजाम नहीं किए गए। यहां सिर्फ कार्य प्रगति पर है, का बोर्ड लगा है।
हर दिन यहां से बड़ी आबादी गुजरती है। पुलिया की ओर से रास्ता खुला होने के कारण लोगों के नाले में गिरने का खतरा बना रहता है। पुलिया के दोनों तरफ ह्यूम पाइप पड़े हुए हैं, जिन्हें मशीनों के माध्यम से एक जगह से दूसरे जगह ले जाया जा रहा है। इससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
इस संदर्भ में जल निगम के अधीक्षण अभियंता रतन सेन सिंह ने कहा कि कार्य तेजी से चल रहा है। सुरक्षा नियमों और मानकों का पूरा ख्याल रखा जाता है। अगर कहीं लापरवाही हो रही होगी तो इसे दिखवाया जाएगा।