गोरखपुर। शारदीय नवरात्र की पंचमी तिथि पर बृहस्पतिवार को गोरखनाथ मंदिर स्थित शक्तिपीठ में मां दुर्गा के पांचवें स्वरूप मां स्कंदमाता की विधि-विधान से आराधना की गई। इस दौरान जगतजननी से लोक कल्याण और सभी के जीवन में सुख, शांति व समृद्धि की कामना की गई। गोरखनाथ मंदिर के प्रधान पुजारी योगी कमलनाथ ने प्रातःकाल और सायंकाल दोनों पहर शक्तिपीठ के गर्भगृह में विशेष अनुष्ठान संपन्न कराया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गौरी-गणेश के आह्वान और पूजन के साथ अनुष्ठान शुरू हुआ। इसके बाद सभी देव-विग्रहों का षोडशोपचार विधि से पूजन-अर्चन किया गया। इस अवसर पर योगी कमलनाथ ने मां स्कंदमाता की महिमा बताते हुए कहा कि मां अपने भक्तों को ज्ञान और मोक्ष प्रदान करती हैं। उनकी अनन्य भक्ति और उपासना से साधक को अलौकिक सुख, मानसिक शांति और अंततः मुक्ति की प्राप्ति होती है।