रेलवे स्टेशन से जीआरपी ने चेकिंग के दौरान बुधवार को भोर में गोवा के विनय हेब्बल (25) को तीन अवैध पिस्टल और मैग्जीन के साथ पकड़ा। विनय मुंबई की ट्रेन का इंतजार कर रहा था, इससे पहले जीआरपी ने उसे दबोच लिया। पूछताछ में कई
अहम जानकारियां जीआरपी को मिली हैं। मुंबई के किसी बड़े गैंग से विनय के कनेक्शन की भी जांच चल रही है। पूछताछ के बाद जीआरपी ने विनय हेब्वल को जेल भिजवा दिया।
एसपी संदीप कुमार मीना ने बताया कि बुधवार को त्योहार को देखते हुए संदिग्ध वस्तु व्यक्ति की चेकिंग चल रही थी। मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति प्लेटफार्म नंबर पांच-छह के पूर्वी छोर पर नेम बोर्ड के पास बैठा है। जीआरपी टीम वहां पहुंची तो एक व्यक्ति सफेद टी-शर्ट, नीले जींस-पैंट पहने बैठा था। पुलिस ने चारों तरफ से घेर कर उसे पकड़ लिया।
पकड़े गए व्यक्ति की पहचान गोवा के पोंडा जिले के पोंडा थाना मेस्तवाड़ा कुर्ती निवासी विनय हेब्बल पुत्र मुरगेश हेब्बल के रूप में हुई। जांच में पता चला कि विनय पर पोंडा थाने में एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज हो चुका है। इसमें वह जेल भी जा चुका है। गोवा में विनय डेकोरेशन का भी काम करता है।