खजनी थाना क्षेत्र के वरपार वरगाह गांव में शनिवार देर रात लगभग ढाई बजे संदेह के आधार पर भाग रही एक युवती को ग्रामीणों ने दबोच लिया। ग्रामीणों ने युवती के पास से गांव का ही एक माह का बच्चा व मोबाइल बरामद किया। शोरगुल की आवाज सुनकर गांव से बाहर बाइक पर सवार दो लोग मौका पाकर भाग गए। डायल 112 की सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवती से पूछताछ की तो कई अन्य वारदात का खुलासा हुआ है। पुलिस रैकेट के अन्य सदस्यों को गिरफ्तार करने में जुट गई है।
खजनी थाना क्षेत्र के वरपार वरगाह गांव निवासी संजय उर्फ भोलू ने बताया रात दो बजे के करीब वह घर से निकला हुआ था। इसी बीच गांव का शेरू नाम के लड़के ने उसको अनजान युवती का पीछा करने के बारे में बताया। इसके बाद दोनों लोग युवती को खोजने लगे। इतने में गांव के भोले की गौशाला में छिपी 18 वर्षीय युवती हाथ में एक कपड़ा में बंधा सामान लेकर भाग रही थी। शक के आधार पर दौड़ाकर गांव के बाहर युवती को पकड़ लिया। कुछ दूरी पर मोटरसाइकिल पर सवार युवती के दो साथी आवाज सुनकर फरार हो गए।