मुख्यमंत्री ने गोरखनाथ मंदिर में अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों की समीक्षा की
अमर उजाला ब्यूरो गोरखपुर। दो दिवसीय गोरखपुर दौरे पर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार की शाम गोरखनाथ मंदिर में अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को समय से पूरा किया जाए। बारिश से पहले नाले एवं नालियों की सफाई कर ली जाए। बाढ़ से निपटने के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। दोपहर के समय घोषित कटौती के नाम पर घंटों बिजली काटकर सुधार कार्य करने पर तत्काल रोक लगाई जाए।
मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ समय से पूरा करने को कहा। उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं के लिए जमीन की उपलब्धता के विषय में भी जानकारी ली। बताया गया कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, वेटनरी कालेज के लिए ताल नदोर में जमीन चिह्नित की गई है। इसी तरह पुलिस ट्रेनिंग सेंटर व पीएसी की महिला बटालियन के लिए कोनी में जमीन दी जा रही है।
मुख्यमंत्री को बताया गया कि गीडा में जल्द ही 300 औद्योगिक भूखंडों के आवंटन की प्रक्रिया भी शुरू होगी। इसमें प्लास्टिक पार्क भी शामिल है। उन्होंने कहा कि जलभराव रोकने के लिए नालों की सफाई पूरी कर ली जाए। बाढ़ से सुरक्षा के लिए किए जा रहे कार्यों को भी समय से पूरा करें। साथ ही बांधों का नियमित निरीक्षण भी करें। उन्होंने कहा कि गर्मी में बिजली कटौती न होने पाए। यदि कहीं फाल्ट हो तो उसे जल्द से जल्द ठीक किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि गर्मी काफी है। कटौती होने पर उपभोक्ताओं को इस संकट से परेशान होना पड़ता है।