गोरखनाथ मंदिर क्षेत्र के भाटी विहार कॉलोनी में दो एकड़ में स्पोर्ट्स कांप्लेक्स बनाएगा जीडीए
रनिंग ट्रैक, बैडमिंटन, लाॅन टेनिस, बॉस्केटबाल समेत कई खेलों से जुड़ी सुविधाएं विकसित करेगा प्राधिकरण
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। गोरखनाथ मंदिर क्षेत्र के भाटी विहार कॉलोनी में गोरखपुर विकास प्राधिकरण मिनी स्पोर्ट्स कांप्लेक्स का निर्माण कराएगा। इसकी तैयारियां शुरू हो गई हैं। ले-आउट तैयार कराया जा रहा है। यहां ओलंपिक के खेलों के अभ्यास के लिए भी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसमें टेबल टेनिस, तैराकी, कुश्ती, बॉस्केटबाल, फुटबाल, एथलेटिक्स जैसे कई खेलों से जुड़ी सुविधाएं होंगी।
इसके अलावा एनसीओई की तलवारबाजी, शूटिंग सहित कई खेलों का भी प्रशिक्षण मिलेगा। स्पोर्ट्स कांप्लेक्स दो एकड़ में बनेगा।
मुख्यमंत्री की मंशा पर जीडीए, गोरखपुर में खेल सुविधाएं विकसित करने में जुटा है। रामगढ़ताल क्षेत्र के वाटर स्पोर्ट्स कांप्लेक्स के बाद प्राधिकरण राप्तीनगर विस्तार योजना में 25 एकड़ में स्पोर्ट्स सिटी विकसित करने जा रहा है। साथ ही पुराना गोरखपुर एवं गोरखनाथ क्षेत्र के युवाओं की सुविधा के लिए प्राधिकरण, अब भाटी विहार कॉलोनी में मिनी स्पोर्ट्स कांप्लेक्स भी बनाने जा रहा है।
इन खेलों से जुड़ी सुविधाएं मिलेंगी
सिंथेटिक रनिंग ट्रैक, बॉस्केटबाल कोर्ट, इनडोर बैडमिंटन कोर्ट, लॉन टेनिस कोर्ट, वॉलीबॉल और टेबिल टेनिस कोर्ट, भाला फेंक, गोला फेंक, लंबी कूद, ऊंची कूद सहित कई स्पर्धाओं के अभ्यास की सुविधा, मल्टीपर्पज हाॅल का निर्माण, स्क्वेश, जूडो, वेट लिफ्टिंग जैसे खेलों से जुड़ी सभी आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।
शूटिंग रेंज भी बनेगा
स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में 10 मीटर की शूटिंग रेंज भी बनाई जाएगी, जहां राइफल एवं पिस्टल से खिलाड़ी निशानेबाजी का अभ्यास कर सकेंगे।
कोट
गोरखनाथ क्षेत्र स्थित भाटी विहार कॉलोनी में दो एकड़ में शहर का पहला हाईटेक मिनी स्पोर्ट्स कांप्लेक्स बनाया जाएगा। विशेषज्ञों से वार्ता कर इसके लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दे दिए गए हैं।
- महेंद्र सिंह तंवर, उपाध्यक्ष, जीडीए