गामीणों ने विधायक से लगाई गुहार, जीडीए की कार्रवाई से बेघर हो जाएंगे लोग, बरसात में बढ़ेगी परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। खोराबार टाउनशिप एवं मेडिसिटी योजना के जद में आए खोराबार उर्फ जंगल सीकरी और सैनिक नगर कॉलोनी के सैकड़ों लोगों ने ग्रामीण विधायक विपिन सिंह से उनके आवास पर मुलाकात कर जीडीए की कार्रवाई से मुक्त कराने की मांग की। कहा कि नई कॉलोनी को बसाइए पर हमको उजड़ने से बचाइए। इसके बाद विधायक विपिन सिंह जीडीए उपाध्यक्ष से उनके कार्यालय में मिलकर लोगों की परेशानी दूर करने की बात कही। जीडीए उपाध्यक्ष ने नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिया।
खोराबार टाउनशिप एवं मेडिसिटी योजना में आवासीय भूखंडों और फ्लैटों के निर्माण के लिए जीडीए ने अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया है। सोमवार को जीडीए ने बुलडोलर चलाकर एक कमरे के मकान सहित अन्य अतिक्रमण को तोड़ दिया था। इससे परेशान होकर खोराबार उर्फ जंगल सिकरी और सैनिक नगर कॉलोनी निवासी संतोष, पंकज, हरिशरण, विपिन, जयप्रकाश मिश्रा, अनिल शर्मा, विजय नारायन मिश्रा, अरविंद, राकेश शर्मा, सूरज, अर्जुन पासवान, कमलेश राय, राजमंगल राय, योगेंद्र पांडेय ,दिग्विजय नारायण सहित सैकड़ों की संख्या में लोग गोरखपुर ग्रामीण विधायक विपिन सिंह के आवास पर पहुंचे।
लोगों ने उनसे बात करके जीडीए की जद में आ रहे मकानों को कार्रवाई से अवमुक्त करने की मांग उठाई। लोगों ने बताया कि कुछ लोगों ने पुस्तैनी जमीन पर मकान बनवाया है। कुछ लोगों ने 10 साल पूर्व काश्तकारों से जमीन खरीदकर मकान बनवाया है। उसमें उनके परिवार के लोग रहते हैं। यदि उनका मकान टूटा तो बरसात में बेघर हो जाएंगे। उनके पास दूसरा कोई ठिकाना नहीं है। ग्रामीणों की बात सुनकर विधायक ने मदद का आश्वासन दिया।
0000
ग्रामीणों ने हमारे आवास पर आकर मुलाकात की है। इस मामले में जीडीए उपाध्यक्ष से बात की गई है। उन्होंने सकारात्मक सहयोग की बात कही है।
विपिन सिंह, विधायक
0000
जीडीए की ओर से अधिग्रहित क्षेत्र में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। किसी को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया जाएगा।
उदय प्रताप सिंह, सचिव, जीडीए
0000
अधिग्रहित जमीन से हटाया गया अतिक्रमण
गोरखपुर। खोराबार टाउनशिप एवं मेडिसिटी योजना के लिए अधिग्रहित जमीन से अतिक्रमण हटाने का काम बुधवार को भी जारी रहा। जीडीए की टीम ने दुकानों और चहारदीवारी को बुलडोजर से गिराया। कुछ लोगों ने टीम की कार्रवाई का विरोध किया, लेकिन पुलिस की सख्ती से उनको पीछे हटना पड़ा।
जीडीए की टीम ने खोराबार में 26 जून से कार्रवाई शुरू की है। मंगलवार को 21 निर्माणों पर लाल निशान लगाया गया था। इसी क्रम में बुधवार को विशेष कार्याधिकारी पीके सिंह, प्रभारी मुख्य अभियंता किशन सिंह की अगुवाई में टीम मौके पर पहुंची। टीम ने 16 निर्माण तोड़े और 10 निर्माण को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया। इसमें चार दुकानें और चहारदीवारी शामिल है। छह निर्माणों को आंशिक रूप से तोड़ा गया। इस दौरान एक नर्सरी संचालक ने सामान हटाने का समय मांगा। कार्रवाई में सहायक अभियंता कुंज बिहारी, कुलदीप श्रीवास्तव और खोराबार थाने की पुलिस टीम शामिल रही।