अवैध प्लाटिंग पर जीडीए का चला बुलडोजर।
- फोटो : अमर उजाला
गोरखपुर में अवैध रूप से प्लाॅटिंग कर बेचे जाने की सूचना पर शनिवार को जीडीए ने एक बार फिर कार्रवाई की। प्राधिकरण ने 20 एकड़ में विकसित हो रही तीन अवैध कॉलोनियों के प्लाॅटिंग को ध्वस्त कर दिया।
दो काॅलोनियां पांच-पांच एकड़ में तो एक 10 एकड़ में विकसित हो रही थीं। प्राधिकरण की ओर से अवैध प्लाॅटिंग करने वालों को चेतावनी भी दी गई है। अफसरों ने साफ कहा है कि आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। जानकारी के मुताबिक, जीडीए उपाध्यक्ष आनंद वर्द्धन के निर्देश पर प्रभारी मुख्य अभियंता किशन सिंह एवं अधिशासी अभियंता नरेंद्र कुमार के नेतृत्व में टीमों ने अवैध प्लाॅटिंग के विरुद्ध कार्रवाई की है।
शनिवार को टीम ने पांच एकड़ में विकसित हो रही श्वेता विहार काॅलोनी, पांच एकड़ में सेमर डाढ़ी में विकसित हो रही प्लाॅटिंग एवं जंगल कौड़िया में 10 एकड़ में विकसित की जा रही अवैध प्लाॅटिंग पर कार्रवाई की गई है। टीम ने पहले ही इन लोगों को नोटिस जारी किया था, लेकिन कोई भी विकासकर्ता प्लाॅटिंग के लिए स्वीकृत तलपट मानचित्र नहीं दिखा सका था।
इसके बाद उसे ध्वस्त कर दिया गया। प्रभारी मुख्य अभियंता ने बताया कि सभी को पहले ही नोटिस जारी किया गया था। कार्रवाई करने वाली टीम में सहायक अभियंता कुंज बिहारी, राज बहादुर सिंह, वीके शर्मा, अवर अभियंता संजीव तिवारी, रमापति वर्मा, डीएन शुक्ला, मनीष त्रिपाठी एवं पुलिस के जवान शामिल रहे।