लॉटरी के बाद अब दुकानों के शिफ्टिंग की तैयारी
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। रामगढ़ताल के निकट महंत दिग्विजयनाथ पार्क में गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) की ओर से बनाए गए फूड जोन की दुकानों का आवंटन बुधवार शाम लॉटरी के माध्यम से किया गया। सचिव यूपी सिंह की मौजूदगी में लॉटरी की प्रक्रिया जीडीए सभागार में पूरी कराई गई। 96 दुकानों का आवंटन किया गया, जबकि छह का आवंटन मुख्यमंत्री द्वारा पहले की किया जा चुका है। लॉटरी के बाद जीडीए अब दुकानों को शिफ्ट करने की तैयारी में जुट गया है।
जीडीए ने नौकायन पर लगने वाले ठेलों को व्यवस्थित करने के लिए फूड जोन का निर्माण दिग्विजयनाथ पार्क ताल बाजार से सटे एक हिस्से कराया है। कियोस्क मॉडल दुकानों के आवंटन के लिए वेंडरों का पहले ही रजिस्ट्रेशन किया गया था। निर्माण के बाद फूड जोन में फ्रंट की दुकानों को लेकर दुकानदारों में विशेष आकर्षण को देखते हुए जीडीए ने किसी भी प्रकार के आरोप-प्रत्यारोप से बचने के लिए लॉटरी से दुकानों के आवंटन का निर्णय लिया।
जीडीए के 31 फ्लैट और भूखंड का हुआ आवंटन
जीडीए सभागार में बुधवार की सुबह विभिन्न परियोजनाओं में पंजीकरण कराए फ्लैट और भूखंड के आवंटन के लिए लॉटरी प्रक्रिया पूरी की गई। जीडीए उपाध्यक्ष आनंद वर्द्धन की मौजूदगी में 31 फ्लैट और भूखंड का आवंटन लॉटरी के माध्यम से किया गया। इसमें राप्तीनगर विस्तार में ईडब्ल्यूएस भूखंड का तीन, एलआईजी भूखंड एक, लोहिया एंक्लेव फेज प्रथम में थ्री बीएचके फ्लैट एक, खोराबार आवासीय एवं मेडिसिटी योजना में एलआईजी फ्लैट का 11, मिनी एमआईजी फ्लैट आठ और एमआईजी के सात फ्लैट का आवंटन किया गया। इससे जीडीए को करीब 8.30 करोड़ की आय हुई।