- दिल्ली, बिजनौर और गोरखपुर के रहने वाले हैं आरोपी, ऑटो व चोरी के गहने बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। रेलवे स्टेशन के पास से यात्रियों को ऑटो में बैठाकर उनके बैग से गहने, नकदी और सामान चाेरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया गया। जीआरपी ने गिरोह के पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेजा गया। आरोपी इसके पहले भी दिल्ली, वाराणसी में इसी तरह के मामले में पकड़े गए थे और जेल भी जा चुके हैं। आरोपियों के पास से पुलिस ने चोरी किए गए पांच लाख रुपये कीमत के गहने, पांच हजार रुपये नकद, घटना में इस्तेमाल ऑटो को बरामद कर लिया है।
आरोपियों की पहचान दिल्ली, जामियानगर के जाखिर नगर ओखला के खालिद, बिजनौर में बढ़ापुर के अब्दुल्लापुर कुरैशी गांव में रहने वाले साजिद, देहात कोतवाली के गौसपुर सादात में रहने वाले मुस्तकीम, नगीना देहात क्षेत्र के बेदार वक्तपुर उर्फ रायपुर चुंडैली गांव के शिव कुमार व हुमायूंपुर उत्तरी के रहने वाले ऑटो चालक सोनू शर्मा के रूप में हुई।
एसपी रेलवे डाॅ. अवधेश सिंह ने शुक्रवार को अपने कार्यालय में प्रेस कांफ्रेंस कर पकड़े गए गिरोह के बारे में जानकारी दी। एसपी ने बताया कि गोरखपुर जंक्शन पर ऑटो से आने-जाने वाले यात्रियों के बैग से गहने व सामान चोरी होने की शिकायत मिल रही थी। 14 दिसंबर 2023 को बलिया के रहने वाले कपिल के बैग से गहने चोरी हो गए थे। 24 जनवरी 2024 को कुशीनगर की रहने वाली निशा के बैग से नकदी व गहने चोरी हो गए।
दोनों मामले में चोरी का मुकदमा दर्ज कर जीआरपी थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह जांच कर रहे थे।सर्विलांस व सीसीटीवी कैमरा फुटेज की मदद से शुक्रवार की सुबह गेट नंबर चार के पास ऑटो सवार पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया गया।