अमर उजाला ब्यूरो गोरखपुर। गैलेंट इस्पात समूह के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक चंद्र प्रकाश अग्रवाल ने मुख्यमंत्री से लॉक डाउन की अवधि के दौरान बिजली का फिक्स चार्ज नहीं लिए जाने की मांग की है। उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन भी भेजा है। ज्ञापन में उन्होंने कहा है कि करोना महामारी के कारण प्रदेश की सभी औद्योगिक एवं व्यवसायिक गतिविधियां काफी प्रभावित हुई हैं। इस अवधि के लिये उद्यमियों एवं व्यवसायियों द्वारा अपने कर्मचारियों की तनख्वाह, बैंकों को ब्याज तथा अन्य सामान्य व्यय वहन करने पड़े हैं, जबकि इन्हें किसी प्रकार की आय नहीं हो सकी है। वही भारत सरकार के राहत पैकेज में भी इन मदों में किसी प्रकार की राहत नहीं दी गयी है। बिजली विभाग द्वारा लाक डाउन की अवधि के फिक्स चार्जेज चार्जेज माफ करने के स्थान पर केवल इसका भुगतान स्थगित किया गया है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा पावर कारपोरेशन को 90 हजार करोड़ रुपए की की सहायता प्रदान की गयी है तथा केन्द्रीय बिजली मंत्री आरके सिंह द्वारा घोषणा की गयी है कि 24 मार्च से 17 मई की लॉकडाउन की अवधि के लिये राज्यों के पावर कारपोरेशन से कोई फिक्स चार्जेज नहीं लिया जाएगा। उन्होंने बिजली कंपनियों से अपेक्षा की है कि वे इसका लाभ अपने ग्राहकों को उपलब्ध करायें। चूंकि भारत सरकार द्वारा उनके फिक्सड चार्जेज माफ कर दिया गया है, ऐसे में पावर कारपोरेशन द्वारा अपने उपभोक्ताओं से फिक्स चार्जेज की वसूली करना कदापि उचित नहीं है। मुख्यमंत्री से मांग करते हुए उन्होंने कहा कि लॉक डाउन अवधि का (24 मार्च से 17 मई) फिक्स चार्जेज की वसूली स्थगित करने के स्थान पर इसे माफ किया जाए। केवल वास्तविक खपत के आधार पर वसूली की जाए।