- टेलीग्राम पर पेपर को आउट करने का दावा, एसटीएफ कर रही जांच
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। सिपाही भर्ती परीक्षा के पेपर को लीक करके उपलब्ध कराने के नाम पर जालसाजी की कोशिश का मामला सामने आया है। टेलीग्राम पर पेपर को लीक करने का दावा करते हुए रुपये मांगे जा रहे हैं। हालांकि, पुलिस इसे जालसाजी का नया तरीका ही मान रही है, लेकिन यूपी एसटीएफ ने इसकी गोपनीय जांच शुरू कर दी है। साइबर अपराध थाने और साइबर सेल की टीम भी इसको लेकर अलर्ट है।
जानकारी के मुताबिक, टेलीग्राम पर यूपी पुलिस 2024 भर्ती नाम से कई ग्रुप बनाए गए हैं। इसमें अभ्यर्थियों को परेशान न होने की बात कहते हुए पेपर उपलब्ध कराने का दावा किया जा रहा है। इसके लिए रुपये की मांग भी की जा रही है। फिर पेपर से कुछ देर पहले ही पेपर उपलब्ध कराने की बात कही जा रही है। एसटीएफ की जांच में अब तक इसमें जालसाजी की बात ही सामने आई है, लेकिन फिर भी इसे गंभीरता से लेते हुए जिला पुलिस से भी पत्राचार किया गया है। एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि अभ्यर्थियों को अफवाह पर ध्यान नहीं देना चाहिए। जालसाजी की आशंका है। अभ्यर्थी अपनी तैयारी करें, पुलिस प्रशासन सुरक्षा को लेकर पूरी तरह से तैयार है।