चौरीचौरा थाने में कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने दर्ज किया केस, जांच शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
सरदारनगर (गोरखपुर)। चौरीचौरा पुलिस ने सेल्स कंपनी में जमा ग्राहकों के रुपयों की जालसाजी के मामले में केस दर्ज कर लिया है। प्रणाम इंडिया सेल्स एंड सर्विस लिमिटेड के कर्मचारियों पर कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने कूटरचित दस्तावेज पर जालसाजी करने, धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक, कुशीनगर के थाना हाटा क्षेत्र के ग्राम जगदीशपुर टोला बबुरहवा निवासी गुदरी विश्वकर्मा, विमला, मनीषा पुत्री गुदरी, चंद्रिका और तितरा देवी पत्नी चंद्रिका ने जालसाजी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि एम्स थानाक्षेत्र के सोनबरसा बाजार में स्थित प्रणाम इंडिया सेल्स एंड सर्विस लिमिटेड के आश मोहम्मद निवासी सुकरौली, पिपराइच, अवधेश जायसवाल व सुनील जायसवाल निवासी ग्राम बरसैनी टोला उजरीपट्टी थाना पिपराइच, महेश पासवान निवासी सिसवा उर्फ चनकापुर थाना एम्स और सुनील गुप्ता ने पांच साल में जमा धन को दूना करने, उस पर लोन देने और जमा धन पर बीमा आदि की बात कहकर सभी पांच लोगों से अलग-अलग धनराशि के रूप में कुल तीन लाख 24 हजार रुपये अपनी कंपनी प्रणाम इंडिया में जमा कराया। उसका सारा कागजात भी दिया।
समय पूरा होने के बाद पीड़ित सोनबरसा स्थित कार्यालय पर भुगतान के लिए गए तो यह कहकर वापस भेज दिया गया कि पूरा हिसाब बनाकर आपको सूचित किया जाएगा। वापस आने के काफी दिन तक जब कोई सूचना नहीं मिली तो सभी कार्यालय पहुंचे और भुगतान का दबाव बनाया।
इस पर सुनील जायसवाल ने विमला देवी को 25 हजार का एक चेक आंध्रा बैंक का दिया। अन्य लोगों का भुगतान कुछ दिन में करने का वादा किया। इस बीच कोरोना के बहाने टालमटोल करते रहे। दिए गए चेक को बैंक के लगाया गया तो वह बाउंस हो गया। पुलिस केस दर्ज कर जांच कर रही है।