वाइल्ड लाइफ क्राइम कंट्रोल ब्यूरो (डब्ल्यूसीसीबी), एसटीएफ और वन विभाग की टीम ने सोमवार शाम में शहर की तीन दुकानों पर छापा मारा। यहां से भारी मात्रा में वन्यजीवों के दांत, नाखून, हाथ समेत शरीर के दूसरे अंग बरामद किए। इन्हें जांच के लिए लैब भेजा गया है। इन दुकानों से टीम चार तस्करों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
वाइल्ड लाइफ क्राइम कंट्रोल ब्यूरो को सूचना मिली थी कि पादरी बाजार, गीता प्रेस व मेडिकल काॅलेज रोड पर स्थित कुछ दुकानों पर वन्यजीवों के नाखून, दांत, हाथ समेत शरीर के अन्य अंग बेचे जा रहे हैं। वन्यजीवों का शिकार करने के बाद ये अंग यहां लाए जाते थे। इसके बाद ब्यूरो की टीम एसटीएफ के साथ सोमवार को गोरखपुर पहुंची और वन विभाग से संपर्क कर शाम को तीनों स्थानों पर छापा मारा।
कार्रवाई के दौरान टीम को भारी मात्रा में वन्यजीवों के अंग मिले। इसे जब्त कर टीम ने जांच के लिए वाइल्डलाइफ इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया की देहरादून स्थित लैब में भेजा है। रिपोर्ट आने के बाद तस्करों के विरुद्ध संरक्षित वाइल्ड लाइफ प्रोटेक्शन एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। पादरी बाजार और गीता प्रेस स्थित दुकान से एक-एक और मेडिकल काॅलेज मार्ग स्थित दुकान से दो तस्कर हिरासत में लिए गए हैं। उनसे पूछताछ चल रही है।
सूत्रों ने बताया कि कार्रवाई में शेर और बाघ के नाखून भी मिले हैं। इसके अलावा मॉनिटर छिपकली के भी सूखे अंग बरामद हुए हैं। हालांकि, जांच रिपोर्ट आने के बाद ही इसकी पुष्टि हो पाएगी।