हाईस्कूल विज्ञान की परीक्षा में सोमवार को दूसरे की जगह परीक्षा देते चार लोग पकड़े गए। कैंपियरगंज के जवाहर शिक्षा निकेतन इंटरमीडिएट कॉलेज, जंगल बब्बन में तीन और बेलघाट के शाहपुर में स्थित जनता इंटर कॉलेज में एक युवक पकड़ा गया। सभी के खिलाफ पुलिस ने जालसाजी और परीक्षा अधिनियम की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
कैंपियरगंज प्रतिनिधि के मुताबिक, जवाहर शिक्षा निकेतन इंटरमीडिएट काॅलेज में प्रथम पाली में विज्ञान विषय की परीक्षा में तीन लोग पकड़े गए। आरोपियों की पहचान सिद्धार्थनगर के जोहिया निवासी दुर्गेश यादव, संतकबीरनगर के केवटलिया निवासी साकिब और महराजगंज के बृजमनगंज निवासी शाहिद के रूप में हुई है।
पुलिस ने प्रधानाचार्य संदीप की तहरीर पर छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। पुलिस ने जिसकी जगह पर परीक्षा में बैठे थे, उन छात्रों को भी आरोपी बनाया है। उधर, बेलघाट प्रतिनिधि के मुताबिक, क्षेत्र के जनता इंटर कॉलेज शाहपुर में हाईस्कूल विज्ञान वर्ग का पेपर था। यहां पर एक युवक आकाश को पकड़ा गया। वह अपने छोटे भाई की जगह परीक्षा में शामिल हुआ था। पुलिस ने कक्ष निरीक्षक दुर्गेश की तहरीर पर केस दर्ज किया।