गोरखपुर। चिलुआताल पुलिस और एंटी थेफ्ट टीम ने टैंकर से पेट्रोल चोरी कर अवैध भंडारण करने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान महराजगंज जिले के पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के रानीपुर निवासी रामदेव, खोराबार के प्यासी बाजार निवासी तारकेश्वर, गुलरिहा के बेलवारायपुर निवासी शिव कुमार और चौरीचौरा के बंसहिया निवासी अनंत के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, 21 सितंबर को उपनिरीक्षक आशीष सिंह पुलिस टीम के साथ मजनू चौकी क्षेत्र में गश्त और वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान जमुआड अंडरपास के पास टिनशेड में टैंकर से डीजल-पेट्रोल चोरी किए जाने की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस और एंटी थेफ्ट टीम ने मौके पर पहुंचकर टिनशेड की घेराबंदी की। वहां चार लोग टैंकर से पाइप के जरिये बाल्टी में पेट्रोल निकालते मिले। पुलिस ने मौके से चारों को पकड़ लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से पांच नीले ड्रमों में रखा करीब 600 लीटर पेट्रोल, 20 लीटर की प्लास्टिक बाल्टी, कीप, पाइप और टैंकर बरामद किया है।