गोरखपुर जिले के पिपराइच स्थित कंपोजिट विद्यालय में बच्चों को दोपहर में भोजन उपलब्ध कराने के लिए मिड-डे मील के तहत आए 4853 क्विंटल राशन की हेराफेरी का मामला सामने आया है। रिकॉर्ड में जब इसका हिसाब नहीं मिलने पर विद्यालय की प्रधानाचार्या विजयलक्ष्मी देवी ने पूर्व इंचार्ज पर गड़बड़ी करने का आरोप लगाकर बीएसए व बीईओ से शिकायत की है। इसके बाद विभागीय जांच शुरू करा दी गई है।
विद्यालय की प्रधानाचार्या ने शिकायती पत्र में लिखा है कि अप्रैल 2023 में कार्यभार ग्रहण करने के बाद बच्चों को मध्याह्न भोजन के लिए जब उन्होंने बीआरसी से राशन मांगा तो बताया गया कि विद्यालय के पास अभी 28 क्विंटल राशन उपलब्ध है, जबकि विद्यालय में कोई राशन था ही नहीं। इसके बाद अप्रैल 2020 से 31 मार्च 2023 तक के आंकड़े खंगाले गए तो 4,853 क्विंटल राशन का हिसाब नहीं मिला।
प्रधानाचार्य ने बेसिक शिक्षा अधिकारी व खंड शिक्षा अधिकारी को पत्र लिखकर मामले की जांच करने और राशन उपलब्ध कराने की मांग की है।
पिपराइच खंड शिक्षा अधिकारी जितेंद्र कुमार ने कहा कि कंपोजिट आदर्श पूर्व माध्यमिक विद्यालय की प्रधानाचार्य का पत्र प्राप्त हुआ है। पत्र के माध्यम से उन्होंने पूर्व प्रधानाचार्य पर राशन में हेरफेर का आरोप लगाया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद दोषी पर कार्रवाई की जाएगी।