गोरखपुर। जमीन की खरीद के मामलों में जालसाजी के शिकार लोगों की मदद के लिए एक साल पहले शुरू हेल्पलाइन नंबर बंद हो गए हैं। इस नंबर पर आने वाली शिकायतों की जांच पुलिस और राजस्व कर्मचारियों की टीम करती थे। शुक्रवार को जब हेल्पलाइन नंबर पर काल की गई तो वह स्वीच ऑफ मिला। इस संबंध में एसपी सिटी ने बताया कि फरियादियों के प्रार्थना पत्रों पर कार्रवाई की जा रही है।
जमीन खरीदकर मकान बनवाने वाले तमाम लोग जालसाजों के चंगुल में फंस जाते हैं। कभी फर्जी दस्तावेजों के जरिए उनके नाम से भूमि की रजिस्ट्री कर दी जाती है, तो कभी रुपये लेकर शातिर जमीन पर कब्जा नहीं करने देते हैैं। जमीन की सौदेबाजी में जालसाजी के शिकार होने की शिकायतें रोजाना ही पुलिस अधिकारियों के पास पहुंचती हैं।
ऐसे मामलों को देखते हुए वर्ष 2022 में तत्कालीन एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने भूमि और राजस्व संबंधी विवादों का निस्तारण करने के लिए हेल्पलाइन नंबर 7839865841 और 7839865843 जारी कराया। इस नंबर पर सुबह नौ बजे से शाम छह बजे तक सूचना देने की व्यवस्था की गई थी। इन नंबरों पर किसी संस्था या व्यक्ति की तरफ से फर्जी कंपनी बनाकर प्लाटिंग करने, जमीन और मकान की खरीद बिक्री में गड़बड़ी सहित अन्य ठगी की शिकायतों पर कार्रवाई होती थी। इससे लोगों का पुलिस के प्रति भरोसा बढ़ा था। लेकिन बाद में हेल्पलाइन नंबर बंद हो गई। शुक्रवार की दोपहर दोनों हेल्पलाइन नंबर पर फोन किया गया, लेकिन उनके स्वीच ऑफ होने से बात नहीं हो सकी।
वर्जन
जमीन दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी करने के मामलों में कार्रवाई की जा रही है। जो फरियादी प्रार्थना पत्र लेकर आते हैं, थानों से जांच कराकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाता है। भूमि दिलाने के नाम पर ठगी करने, रुपये हड़पने सहित अन्य मामलों में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। : केके विश्नोई, एसपी सिटी