नौकरी दिलाने के नाम पर जालसाजी करने का आरोपी शुक्रवार को सहजनवां पुलिस से उलझ गया। आरोप है कि उसने सिपाही का कॉलर पकड़ कर खींच लिया, जिससे उसकी वर्दी फट गई। बल प्रयोग कर सिपाही उसे लेकर थाने आए और फिर उसके खिलाफ एक सिपाही की तहरीर पर केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी की पहचान सहजनवां थाना क्षेत्र खीरीडांड़ गांव निवासी दीपक गौड़ के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, सहजनवां इलाके के एक युवक ने दीपक पर नौकरी के नाम पर 1.04 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया। जन शिकायत अधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में युवक ने लिखा है कि दीपक ने वर्ष 2017 में नौकरी दिलाने के नाम पर 1.04 लाख रुपये हड़प लिया है।
जनसुनवाई अधिकारी के निर्देश पर थाने से सिपाही अशोक एक अन्य साथी सिपाही के साथ जांच करने गांव में पहुंच गए। घर पर मौजूद दीपक को थाने चलने को कहा तो वह उलझ गया। आरोप है कि कहासुनी के दौरान पहले दीपक सिपाही का कालर पकड़कर खींचने लगा। अशोक ने छुड़ाने का प्रयास किया तो उनकी वर्दी फाड़ दी। घटना के बाद पुलिसकर्मियों ने आरोपित को पकड़ लिया।
इसे भी पढ़ें: नेपाल में बारिश के कारण गोरखपुर जिले की नदियों में फिर उफान, प्रशासन सतर्क