प्रशिक्षण के लिए एसएसपी की एम्स के विशेषज्ञों से हुई है बात
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। जिले की पुलिस अब फॉरेंसिक की भी पढ़ाई करेगी। इसके लिए एम्स के डॉक्टराें से समझौता हुआ है। अपराध की घटनाओं का पर्दाफाश करने के लिए घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य का अहम रोल होता है। एम्स के डॉक्टर पुलिस को घटनास्थल से साक्ष्य संकलन करने का प्रशिक्षण देंगे।
एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि जिले के विभिन्न थानों पर तैनात पुलिस कर्मियों का अलग-अलग दिनों में प्रशिक्षण कराया जाएगा। सप्ताह में एक दिन शनिवार को पुलिस लाइंस के हाल में एम्स के फाॅरेंसिक विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर की एम्स के विशेषज्ञों से बात हो गई है।
उन्होंने बताया कि थानावार प्रशिक्षण के लिए सूची तैयार कराई जा रही है। हत्या, खुदकुशी समेत कई ऐसे मामले होते हैं, जिसमें पुलिस घटनास्थल पर पहुंंच कर साक्ष्य जुटाती है। इस समय क्या बारीकियां बरतनी चाहिए, घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए क्या-क्या सावधानी बरतनी चाहिए। यह सब फॉरेंसिक विशेषज्ञ पुलिस कर्मियों को बताएंगे।