तिवारीपुर थानाक्षेत्र में युवती को जबरन शादी के लिए मजबूर करने और परिवार को धमकाने का मामला सामने आया है। युवती की तहरीर पर तिवारीपुर थाना पुलिस ने आरोपी युवक आदिल अंसारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी की हरकतों से न सिर्फ वह, बल्कि उसका पूरा परिवार भय और मानसिक तनाव में जी रहा है।
युवती ने पुलिस को बताया कि गोरखनाथ क्षेत्र का रहने वाला आदिल अंसारी पहले उससे बातचीत करता था। कुछ समय बाद युवक के परिवार के व्यवहार और गतिविधियों की जानकारी मिलने पर उसने उससे दूरी बना ली और बातचीत बंद कर दी। इसके बाद युवक अलग-अलग मोबाइल नंबरों से युवती और उसके परिजनों को लगातार फोन कर रहा है और जबरन शादी करने का दबाव बना रहा है।
पीड़ित के अनुसार, शादी से इन्कार करने पर आरोपी ने उसकी पुरानी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। यही नहीं, आरोपी पूरे परिवार को जान से मारने की धमकियां भी दे रहा है।
इस वजह से परिवार के सभी सदस्य भयभीत हैं। युवती ने पहले महिला हेल्पलाइन नंबर 1090 पर शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद गोरखनाथ थाने में तहरीर दी गई, जिस पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।