कोरोना इफेक्टः फुटबॉल ग्राउंंड पर थूका तो पहले येलो फिर रेड कार्ड - कोरोना संकटकाल के दौरान फुटबॉल के अंतरराष्ट्रीय संस्था फीफा के मेडिकल बोर्ड ने रखा प्रस्ताव - इस सत्र में लागू होंगे ये नियम, खेल संघों के माध्यम से खिलाड़ियों को दी जा रही जानकारी अमर उजाला ब्यूरो गोरखपुर। कोरोना संकटकाल के दौरान फुटबॉल खिलाड़ियों की सुरक्षा के लिहाज से फुटबॉल की अंतरराष्ट्रीय संस्था (फीफा) नियमों में बड़ा बदलाव करने जा रही है। अब ग्राउंड पर मैैच के दौरान अगर कोई खिलाड़ी मैदान पर थूकता है तो उसे पहले येलो कार्ड देकर चेतावनी दी जाएगी। अगर इसके बाद दोबारा ये कृत्य खिलाड़ी की ओर से किया जाता है तो उसे रेड कार्ड दिखाकर मैच से बाहर कर दिया जाएगा। इसके साथ ही स्टेडियम में प्रवेश के दौरान हर खिलाड़ी की थर्मल स्क्रीनिंग अनिवार्य होगी। फीफा के मेडिकल बोर्ड ने ये प्रस्ताव संस्था के समक्ष रखा है। जिस पर अंतिम मुहर जून तक लगने की उम्मीद है। मेडिकल बोर्ड की ओर से प्रस्ताव रखे जाने के बाद से फुटबॉल संघ, स्पोर्ट्स कॉलेज और रीजनल स्टेडियम में प्रैक्टिस करने वाले की खिलाड़ियों को इन नियमों की जानकारी दी जा रही है। बोर्ड की ओर से रखे प्रस्ताव के तहत मैच के दौरान कहीं आने जाने के दौरान टीम की ओर से सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने के लिए दो बसों का इस्तेमाल किया जाएगा। वहीं हाथ मिलाने की प्रथा को समाप्त किया जाएगा। हॉफ टाइम के बाद खिलाड़ी अपने कीट में बदलाव कर सकेंगे। - कौन है फीफा फेडरेशन इंटरनेशनल डी फुटबॉल एसोसिएशन (फीफा) फुटबॉल का अंतरराष्ट्रीय महासंघ है। इसका मुख्यालय ज्यूरिख, स्विट्जरलैंड में है। ये महासंघ फुटबॉल स्वतंत्र नियंत्रण निकाय है। प्रत्येक वर्ष फुटबॉल मैच के नियमों में कुछ न कुछ बदलाव फुटबॉल की बेहतरी के लिए किए जाते हैं। कोरोना महामारी को देखते हुए इस बार फीफा की ओर से कई नए नियम खेल में जोड़े गए हैं। मेडिकल बोर्ड के प्रस्ताव पर मुहर लगते ही ये नियम लागू हो जाएंगे। कोट - कोरोना महामारी की वजह से खेल के नियमों में फुटबॉल के अंतरराष्ट्रीय महासंघ की ओर से बदलाव की तैयारियां की जा रही है। इनमें मैच के दौरान हाथ मिलाने पर रोक लगाने के साथ ही मैदान पर थूकने पर येलो से रेड कार्ड तक जारी किया जाएगा। जून के आखिर तक फीफा की ओर से इस पर मुहर लगाई जा सकती है। खिलाड़ियों को नए नियमों के बारे में बताया जा रहा है। एके पांडेय, फुटबॉल प्लेयर और क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी