चार महीने से एफओबी बंद, यात्री परेशान
गोरखपुर स्टेशन पर हैं तीन फुट ओवरब्रिज, टिकट काउंटर के सामने वाला ब्रिज बंद होने से यात्रियों को होती है दिक्कत
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। रेलवे स्टेशन पर बीच वाला फुट ओवरब्रिज चार महीने से बंद है। यात्रियों को प्लेटफाॅर्म तक जाने या एक से दूसरे प्लेटफाॅर्म तक जाने के लिए अब सामान सहित लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है। सबसे ज्यादा दिक्कत बुजुर्ग व महिलाओं को है, पैदल चलने से थकान हो जा रही है। यात्रियों का कहना है कि स्टेशन के प्रवेश द्वार पर ही संकेतांक लगाया जाना चाहिए, ताकि लोगों को दूर से ही इसकी जानकारी हो सके।
रेलवे प्रशासन की ओर से कुछ महीनों पहले गोरखपुर जंक्शन के जनरल टिकट काउंटर के पास बने फुटओवर ब्रिज को बंद कर दिया गया था। पुल जर्जर होने की वजह से रेलवे ने यह निर्णय लिया था। इस ब्रिज का रेनोवेशन होना है, जिसके लिए सर्वे पूरा हो चुका है। एफओबी के पास तो संकेतांक लगाया गया है, लेकिन परिसर में कहीं और नहीं लगने से लोगों को दिक्कतें हो रही हैं। इस चक्कर में यात्रियों की ट्रेन छूट जा रही है।
गोरखनाथ के रहने वाले रमाशंकर को किसी काम से छपरा जाना था। सोमवार को दोपहर 01:15 बजे गोरखपुर जंक्शन से छपरा का टिकट लेकर फुटओवर ब्रिज की ओर बढ़े। वहां पहुंचे तो पता चला कि ब्रिज बंद है। भागते-भागते वे प्लेटफॉर्म नंबर एक के पास ओवरब्रिज पर चढ़े। जैसे ही वे प्लेटफॉर्म संख्या चार पर उतरे तब तक बाघ एक्सप्रेस निकल चुकी थी।
इसी तरह नंदानगर के प्रदीप को कामख्या एक्सप्रेस पकड़ना था। गेट संख्या चार से घुसने के बाद वह प्लेटफॉर्म पर पहुंचे। वहां पता चला कि ये ब्रिज बंद है। इसके बाद वह सोच में पड़ गए कि तीन नंबर प्लेटफॉर्म तक कैसे पहुंचें। किसी से पूछने के बाद वह एक नंबर प्लेटफॉर्म से होते हुए तीन नंबर पर पहुंचे। इतने देर में ही वह पसीने से भीग गए।
प्लेटफॉर्म बदलने पर परेशानी
ट्रेन के किस प्लेटफॉर्म पर आने की संभावना है, यह देखने के बाद यात्री उस प्लेटफॉर्म पर पहुंच जाते हैं। ट्रेन उसी प्लेटफॉर्म पर आई तो ठीक, अगर प्लेटफॉर्म बदल गया तो उनको दूसरे प्लेटफॉर्म तक पहुंचने में हालत खराब हो जाती है, क्योंकि फुट ओवरब्रिज के लिए उनको प्लेटफॉर्म के किनारे पर जाना पड़ता है।
थक कर बैठ जा रहे बुजुर्ग यात्री
यात्रियों की सुविधा के लिए गेट नंबर दो के पास और प्लेटफॉर्म 9 पर एस्कलेटर लगाया गया है, लेकिन अगर कोई यात्री गेट नंबर चार से प्रवेश कर जनरल टिकट काउंटर के पास पहुंच जाता है तो वहां से प्लेटफॉर्म नंबर 5,6,7,8 या 9 पर जाने में उसे काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। खासतौर पर बुजुर्ग यात्री इससे काफी परेशान हैं। कुछ दूर चलने के बाद वे थक कर बैठ जा रहे हैं। ज्यादातर बुजुर्गों को लिफ्ट में चढ़ने में दिक्कत होती है, इसीलिए वे सीढ़ी से जाना ही पसंद करते हैं।
बोले यात्री...
फुट ओवरब्रिज बंद होने की वजह से काफी परेशानी हो रही है। गेट नंबर चार से प्रवेश करने के बाद देखा कि ब्रिज बंद है। इसके बाद प्लेटफॉर्म नंबर दो के पास ब्रिज से चढ़कर प्लेटफॉर्म नंबर पांच पर आए हैं।
प्रमोद चंद
सामान थोड़ा ज्यादा था तो पैदल चलकर हालत खराब हो गई। बीच वाला ब्रिज चालू होता तो इतनी दिक्कत न होती। लंबी दूरी तय करने में हालत खराब हो गई।
शैलेश पांडेय
वर्जप
फुट ओवरब्रिज जर्जर होने के कारण उसे यात्रियों की सुरक्षा के लिहाज से बंद किया गया है। जल्द ही उसकी मरम्मत कराई जाएगी। भीड़ अधिक होने पर ओवरब्रिज पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था भी की जाती है।
-पंकज कुमार सिंह, सीपीआरओ