फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gorakhpur News: जानिए क्यों आटा हुआ महंगा, लोग बीमार- किसानों पर भी बाजार की मार- ये है बड़ी वजह

Wed, 03 Apr 2024 11:26 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोरखपुर
विज्ञापन
नौसड़ गल्ला मण्डी में गेहूं की खरिदारी करते लोग - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
व्यस्त दिनचर्या और खाने-पीने का सामान भी आसानी से उपलब्ध होने के चक्कर में लोग गेहूं पिसवाना ही भूल गए। उस पर ज्यादा सफेद रोटी की चाहत। नतीजा यह हुआ कि बाजार ने इसका फायदा उठाया और घरों तक पैकेट वाला आटा पहुंचने लगा।
विज्ञापन


इस पैकेट वाले आटे में भी अधिक सफेदी के चक्कर में फ्लोर मिलों में पिसाई से पहले गेहूं की छंटाई होने लगी। नतीजा यह हुआ कि जो गेहूं किसान से 22 रुपये किलो के भाव व्यापारी खरीद रहे हैं, उसका आटा प्रोसेसिंग के बाद 40 से 42 रुपये प्रति किलो के भाव बिक रहा है।

दाम तो बढ़ा ही, इन सबके चक्कर में सबसे बड़ा नुकसान यह है कि शहरी लोग ज्यादा सफेद रोटी की चाहत में रिफाइंड आटे की रोटी खाकर बीमार हो रहे हैं। दरअसल इससे आटे में फाइवर की मात्रा बहुत कम रह जाती है, जबकि कार्बाेहाइड्रेट बढ़ा रहता है। इसका असर धीरे-धीरे लिवर पर पड़ रहा है। इससे लोगों का पाचन तंत्र खराब हो रहा है।
विज्ञापन

 
Trending Videos

नौसड़ गल्ला मण्डी में गेहूं की खरिदारी करते - फोटो : अमर उजाला
शहरीकरण के चलते लोगों के रहन-सहन में तेजी से बदलाव आ रहा है। घर में पति-पत्नी दोनों कामकाजी हो रहे हैं। ऐसे में उन्हें रसोई घर का सामान खरीदने के लिए भी वक्त नहीं मिल पाता। बाजार ने लोगों की इसी मजबूरी का फायदा उठाया। अब हर सामान पैकेटबंद मिलने लगा।

सुविधा हुई तो लोग गेहूं पिसवाने से भी दूरी बनाने लगे। पैकेट का आटा खरीदने की लत बढ़ी तो बाजार में परिष्कृत आटा आने लगा। परिष्कृत या रिफाइंड आटा वह है, जिसमें चोकर की मात्रा सबसे कम होती है।

एक फ्लोर मिल संचालक ने बताया कि इसके लिए पहले गेहूं की छंटाई होती है, जिससे उसकी ऊपर परत का छिलका उतर जाता है। यही छिल्का चोकर होता है। इसके निकल जाने के बाद आटा अधिक सफेद होता है। लेकिन इसकी प्रोसेसिंग में खर्च अधिक आता है। आटे की कीमत पर नियंत्रण के लिए मिल मालिकों ने बिचौलियों के सहारे गेहूं खरीदना शुरू किया। बिचौलिए सीधे गांव जाकर किसानों से 21-22 रुपये किलो के भाव खरीद रहे हैं।
 

आटा चक्की की दुकान पर रखी गई बोरी( सांकेतिक फोटो) - फोटो : FIROZABAD
मिल मालिकों को चाहिए सस्ता गेहूं
नौसड़ गल्ला मंडी के व्यापारी नेबूलाल पासवान ने बताया कि इस वक्त 21 से 24.50 रुपये किलो तक गेहूं बिक रहा है। मिल मालिक सस्ता गेहूं चाहते हैं। इसके लिए वे अब किसानों से सीधे खरीद कर रहे हैं। इससे गल्ला मंडी में भी पहले की अपेक्षा कम मात्रा में गेहूं आने लगा है।

बेलीपार क्षेत्र के बरबसपुर निवासी लाला मौर्य ने बताया कि गांव में बिचौलिए सक्रिय हो गए हैं, जो मिलों के लिए किसानों से सीधे 21-22 रुपये किलो के भाव से गेहूं खरीद रहे हैं। इसीलिए अब सरकारी क्रय केंद्रों पर भी खरीद कम हो रही है। बिचौलिए किसानों के घर से अनाज उठाते हैं, जिससे किसान कम कीमत पर भी गेहूं बेचने को तैयार हो जाते हैं।

लोगों की सोच को भुनाता है बाजार
इतिहासकार कृष्ण कुमार पांडेय कहते हैं-बाजार हमेशा ही लोगों की सोच को भुनाता है। अब लोग आटा चक्की पर गेहूं पिसवाने को छोटा काम समझ रहे हैं। महिलाओं के कामकाजी होने का भी असर है कि लोग अब हर सामान रेडिमेड चाहते हैं। बाजार भी इसे समझ रहा है और पहले केवल आटा आया।

फिर पैकेट वाला आटा और अब परिष्कृत आटा। इसमें भी ब्रांडिंग यह कि फलां कंपनी के आटे की रोटी गोल बनती है तो इस कंपनी के आटे की रोटी अधिक मुलायम होती है। जबकि इसका आटे से अधिक रोटी बनाने से संबंध हैं। महिलाएं इसे बेहतर तरीके से समझती हैं, लेकिन सबसे अधिक पैकेट वाले भरोसा भी उन्हें ही है।

अब तो नहीं निकल रहा है खर्च
आटा चक्की मालिक विजय मझवार ने बताया कि पांच साल पहले आटा चक्कियों में गेहूं की इतनी गठरी आती थी कि रात में भी पिसाई करनी पड़ती थी। हर दिन 25-30 लोग गेहूं की पिसाई कराने आते थे, लेकिन अब तो 10-12 लोग भी बड़ी मुश्किल से आ रहे हैं। आटा चक्की में गेहूं कम पहुंचने के कारण खर्च निकलना मुश्किल हो गया है।

गेहूं कम, आटा बिक रहा ज्यादा

चैंबर ऑफ कामर्स के अध्यक्ष संजय सिंघनियां ने बताया कि बाजार में 32 से लेकर 41 रुपये किलो आटा बिक रहा है। किराना मंडी की दुकान में पहले लोग गेहूं खरीदते थे, लेकिन अब ज्यादातर लोग आटा खरीद रहे हैं। पहले लोग गेहूं खरीदकर उसे साफ कराकर धुल करके पिसाई कराते थे। लोगों को परिवार के सेहत की चिंता ज्यादा थी, लेकिन अब बदली हुई लाइफ स्टाइल से भी नुकसान हो रहा है।
विज्ञापन

गेंहू पीसते आंटा चक्की संचालक - फोटो : अमर उजाला
गांवों में अभी गनीमत... दरवाजे पर पहुंच जा रही आटा चक्की मशीन
शहर में जहां तेजी से पैकेट वाले आटे की डिमांड बढ़ी है तो वहीं गांव में गेहूं पिसवाने का चलन बढ़ रहा है। इसकी वजह यह कि गांव में आटा चक्की व राइस मिल वालों ने अपना कारोबार अब फिक्स की बजाय ट्राॅली पर शिफ्ट कर दिया है। राइस मिल और फ्लोर मिल को ट्रैक्टर से जोड़कर गांवों में घर-घर पहुंच रहे हैं और तीन रुपये प्रति किलो के रेट से दरवाजे पर ही गेहूं पीसकर दे रहे हैं।

इससे लोगों को अपने घर पर ही ताजा व शुद्ध आटा मिल रहा है। हालांकि इसमें भी कभी-कभी शिकायतें मिलती हैं। कई आटा चक्की वाले चोकर के चक्कर में कई बार गेहूं पीस देते हैं, जिससे उसकी गुणवत्ता प्रभावित हो जाती है।

लिवर ही नहीं, मधुमेह के लिए भी खतरनाक है यह आटा
पेट व लिवर रोग विशेषज्ञ डॉ अमिताभ राय ने बताया कि गेहूं के छिलके में भरपूर मात्रा में फाइबर होता है। चोकरयुक्त आटा पेट में जाकर अधिक पानी सोखता है। इसीलिए रोटी खाने पर भूख देर से लगती है, लेकिन उसका पाचन आसानी से होता है। लेकिन चोकरविहीन आटे में फाइबर के बजाय कार्बाेहाइड्रेट अधिक होता है।

यह मधुमेह के रोगियों के लिए ठीक नहीं है। इसके अलावा इस रिफाइंड आटा व मैदा से बने अन्य खाद्य पदार्थ भी पाचन क्रिया के लिए ठीक नहीं होते।  इनके नियमित प्रयोग से लिवर की कार्यक्षमता घटने लगती है। अब पहले की अपेक्षा लीवर के रोगियों की संख्या बढ़ी है तो इसकी सबसे बड़ी वजह यही परिष्कृत आटा और मैदा से बने खाद्य पदार्थ हैं, जिनका लोग अधिक से अधिक सेवन कर रहे हैं।

बेहतर है कि आटे में चोकर की मात्रा बनी रहे। इससे पेट में गुड वैक्टिरिया की मात्रा बढ़ती है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें