गोरखपुर। मगहर-खलीलाबाद रेलखंड पर बृहस्पतिवार भोर में एक ट्रक के समपार फाटक पर खराब होकर खड़े हो जाने से करीब एक घंटे तक रेल यातायात प्रभावित रहा। ट्रक का डीजल खत्म होने के कारण वह रेलवे क्रॉसिंग के बीच फंस गया, जिससे अप व डाउन दोनों लाइनों पर संचालन रोकना पड़ा। इस दौरान पांच ट्रेनें क्रॉसिंग के पहले ही खड़ी रहीं। घटना करीब 3:40 बजे क्रॉसिंग नंबर 175 ए पर हुई। बताया जा रहा है कि ट्रक रेलवे फाटक पार कर रहा था तभी अचानक बंद हो गया। पता चला कि वाहन में डीजल खत्म हो गया है। इधर, गेटमैन को फाटक बंद करने के लिए लगातार अलार्म मिल रहा था लेकिन ट्रक के बीच में खड़े होने से क्रॉसिंग बंद नहीं हो पा रही थी। गेटमैन ने इसकी सूचना खलीलाबाद व मगहर स्टेशन मास्टरों को दी। इसके बाद दोनों ओर से आ रही ट्रेनों को रोक दिया गया। सुबह 4:55 बजे ट्रक में डीजल डालकर क्रॉसिंग से हटाया गया, जिसके बाद रेल यातायात सामान्य हो सका।