ब्लॉक क्षेत्र के चरिगंवा गांव के पांच बच्चों के अंदर खसरा के लक्षण पाए जाने की सूचना पर स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया है। शनिवार को बच्चों की जांच कर उनका सैंपल बाहर भेजने के साथ ही गांव में जांच के लिए टीम गठित की गई है। जो गांव में निगरानी कर रही है।
क्षेत्र के चरिगवां गांव में कुछ दिन पहले आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर गांव के बृजमोहन (8) विजय प्रताप (10), मनमोहन (10), पूजा (11), अभिषेक (10) को इनके परिजन इलाज के लिए ले गए थे। जहां इलाज के दौरान उनके अंदर खसरे के लक्षण पाए गए। सीएचओ सुमन वर्मा ने इसकी सूचना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बढ़नी पर दी। इसके बाद शनिवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. अविनाश चौधरी, डॉ. ओपी यादव, डब्लू एसओ के ब्लॉक मॉनिटर सुमित की टीम चरिगंवा गांव पहुंची और जिन बच्चों में लक्षण पाए गए थे उनके खून का सैंपल लिया। जिसे जांच कर खसरे की पुष्टि करने के लिए भेज दिया है।
गांव में खसरे की बीमारी का लक्षण मिलने पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. अविनाश चौधरी ने सीएचओ सुमन वर्मा, एएनएम अर्चना एवं दो अन्य आशाओं की टीम गठित करके गांव में जांच करने एवं सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में बढ़नी पीएचसी अधीक्षक डॉ. अविनाश चौधरी ने बताया कि जिन बच्चों में लक्षण मिले थे। उनका सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया है। गांव में और बच्चों की भी जांच की जा रही है।