वाहनों की फिटनेस जांच अब आधुनिक मशीनों से करने की तैयारी है। मशीनें बताएंगी कि गाड़ियां सड़क पर चलने लायक हैं या नहीं। इसके लिए वाराणसी रोड पर ऊंचगांव में दो एकड़ में पांच करोड़ की लागत से ऑटोमेटिक टेस्टिंग सिस्टम का निर्माण हो रहा है। लगभग छह महीने में इसके पूरा होने की उम्मीद है।
निर्माणाधीन ऑटोमेटिक टेस्टिंग सिस्टम को लेकर 800 मीटर लंबा प्लेटफाॅर्म बनाया जाएगा, जिसकी चौड़ाई लगभग 20 मीटर होगी। पूरा प्लेटफाॅर्म आधुनिक मशीनों से लैस होगा। वाहन के खड़े होते ही फिटनेस जांच शुरू हो जाएगी। कम समय में ही फिटनेस प्रमाणपत्र भी मिल जाएगा। ऑटोमेटिक टेस्टिंग सिस्टम का निर्माण बाबू जंगी सिंह मेमोरियल एजुकेशनल सेवा संस्थान द्वारा कराया जा रहा है। प्राेपराइटर अजय कुमार ने बताया कि पहले चहारदीवारी का निर्माण करा दिया गया है। मिट्टी डालने का कार्य हो रहा है। कार्य जल्द पूरा कराने की कोशिश है।
एआरटीओ अरुण कुमार ने बताया कि ऑटोमेटिक टेस्टिंग सिस्टम तैयार होने से वाहनों की फिटनेस जांच कराने में समय की बचत होगी।