मछुआ अधिवेशन के समापन पर बोले आंवला के सांसद धर्मेंद्र कश्यप
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। बाबा गंभीर नाथ प्रेक्षा गृह में चल रहे अखिल भारतीय राष्ट्रीय मछुआ अधिवेशन के समापन पर 10 प्रस्ताव पारित किए गए। आंवला के सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने कहा कि निषाद समुदाय के नाम पर बहुत से लोगों ने संगठन बना लिया है। वे लोग राष्ट्रीय से लेकर प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व संभाल रहे है। लेकिन, अलग-अलग संगठनों से न समाज का भला होगा न उनका। इसलिए आज आवश्यकता है कि सभी एक बैनर के नीचे आकर संगठन को मजबूत करें, तभी समाज का भला होगा।
उन्होंने कहा कि अनेक संगठन होने के नाते केंद्रीय राष्ट्रीय संगठन कमजोर हो रहा है। हमें लक्ष्य प्राप्ति के लिए एकजुट रहना जरूरी है। कहा कि जो प्रस्ताव पास किए गए उसमें कहा गया कि अपने समाज के लोग अनेक राजनीतिक दलों से जुड़ जाते हैं। चाहे सत्ता हो या विपक्ष लेकिन, समाज की बेहतरी के लिए वह लोग कार्य करना नहीं चाहते हैं। इस प्रवृत्ति को बदलना होगा।
आयोजक एवं पूर्व राज्यसभा सदस्य जयप्रकाश निषाद ने कहा कि नगरीय क्षेत्र में कुछ जागरूक तो हैं, लेकिन ग्रामीण क्षेत्र में शून्यता है। जो जागरूक हैं, उनका दायित्व है कि युवाओं में भी सामाजिक और राजनीतिक जागरूकता बढ़ाने के लिए कार्य करें। कहा कि समाज की महिलाओं को भी जागरूक करने की जरूरत है। कार्यक्रम में बिहार के सांसद अजय निषाद, अवधेश चौधरी, मार्तंड सिंह माझी सहित अन्य लोग मौजूद थे।