गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) की ओर से नई महायोजना में जुड़े नए क्षेत्र में जोनवार विकास की कार्य योजना तैयार करने के लिए फर्म का चयन कर लिया गया है। कार्ययोजना बनाने के लिए फर्म को 3.95 करोड़ रुपये का भुगतान किया जाएगा।
नई महायोजना लागू होने के बाद विस्तारित क्षेत्र में भू उपयोग की जानकारी नहीं मिल पा रही है। इस क्षेत्र में सुनियोजित विकास के लिए ही जोनवार योजना तैयार करने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए निजी फर्मों से आवेदन आमंत्रित किए गए थे।
इसमें सात फर्मों ने प्रतिभाग किया और अपने सुझाव भी दिए। अंतिम चरण में दो फर्मों का चयन किया गया। इसमें से मेसर्स मार्स प्लानिंग एंड इंजीनियरिंग सर्विसेज ने 3.95 करोड़ रुपये में जोनल योजना बनाने पर सहमति जताई, जिसके बाद उसके साथ अनुबंध किया गया है। जोनल योजना तैयार होने के बाद नया गोरखपुर योजना को भी गति मिलेगी।
जीडीए उपाध्यक्ष आनन्द वर्द्धन ने बताया कि जोनल प्लान के लिए योजना बनाने को फर्म का चयन कर लिया गया है। इससे नया गोरखपुर को विकसित करने में मदद मिलेगी।