नागरिक सुरक्षा प्रखंड कोतवाली की ओर से की गई मॉकड्रिल
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। महिला अस्पताल में शनिवार को नागरिक सुरक्षा प्रखंड कोतवाली के नेतृत्व में आग से सुरक्षा एवं बचाव को लेकर मॉकड्रिल की गई। एसआईसी कार्यालय में सबसे पहले स्वास्थ्यकर्मियों को आग लगने पर घबराने और भागने की नहीं, बल्कि धैर्य व सूझबूझ से काबू करने के तरीके बताए। चीफ वार्डेन डॉ. संजीव गुलाटी ने ज्वलनशील पदार्थों से लगने वाली आग के बारे में बताया।
मुख्य प्रशिक्षक एवं वरिष्ठ सहायक उपनियंत्रक वेद प्रकाश यादव ने आग बुझाने में प्रयोग होने वाले फायर एक्सटिंग्विशर, एबीसी व सीओटू की जानकारियां दी। स्वास्थ्यकर्मियों को स्मोक डिडेक्टर, वॉटर सिस्टम, फायर एक्सटिंग्विशर का उपयोग करने का तरीका बताया। आग बुझाने में विधि का मॉकड्रिल कर अभ्यास कराया।
काल्पनिक प्रदर्शन के दौरान नागरिक सुरक्षा के वार्डनों ने आग में फंसे लोगों को स्ट्रेचर पर लादकर सुरक्षित बाहर निकाला और रेस्क्यू कर एंबुलेंस द्वारा उपचार के लिए भेजा गया।
इस मौके पर एसआईसी डॉ. जयकुमार, डॉ. शिवमुनि राम, डॉ. अजयदेव कुलियार, डॉ. कमलेश, अमरनाथ जायसवाल, नागरिक सुरक्षा के डिप्टी चीफ वार्डन डॉ. शरद श्रीवास्तव, स्टॉफ ऑफिसर टू चीफ वार्डन सुरेश कुमार गुप्ता आदि मौजूद रहे।