मोहद्दीपुर ट्रांसमिशन परिसर की झाड़ियों में लगी आग
- फोटो : अमर उजाला
मोहद्दीपुर स्थित 132 ट्रांसमिशन परिसर में बृहस्पतिवार दोपहर अचानक आग लग गई। इससे आनन-फानन में बक्शीपुर, खोराबार, मोहद्दीपुर, टाउनहाल, विश्वविद्यालय बिजली घर जाने वाली लाइन को बंद कर दिया गया। ट्रांसमिशन की तरफ से फायर विभाग को सूचना दी गई।
साथ ही कर्मचारियों ने अपने स्तर से आग पर काबू करने का प्रयास किया। फायर विभाग की गाड़ी और कर्मचारियों के काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, अभी भी एहतियात के तौर पर कई बिजली घरों की बिजली बंद रखी गई है।
दरअसल, मोहद्दीपुर ट्रांसमिशन से बक्शीपुर वितरण खंड की लाइन जाती है। इस लाइन का जंफर दोपहर 2 बजे कटकर नीचे गिर गया। निगम के सूत्रों ने बताया कि चूंकि, हाईवोल्टेज की वजह से अचानक ट्रांसमिशन से आने वाली लाइन पर भार पड़ा और शार्ट सर्किट से जंपर कटकर नीचे गिर गया।
इस चिंगारी से आस-पास की सूखी घास में आग पकड़ लगी। क्योंकि, हवा तेज चल रही थी, ऐसे में ये आग थोड़ी ही देर में फैल गई। समय से सूचना देने पर स्थिति नियंत्रित रहने पर ही आग पर काबू पा लिया गया है। दोपहर 3 बजकर 35 मिनट पर बंद बिजली घरों की आपूर्ति शुरू कर दी गई।