शाहपुर इलाके के शिवपुर सहबाजगंज सेक्टर नंबर 3 स्थित कोजी टेंट की गोदाम में रविवार की सुबह 10:30 बजे भीषण आग लगने मोहल्ले में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और धू-धू कर गोदाम में रखे त्रिपाल, मैट अन्य सामान जलने लगे।
सूचना पर शाहपुर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची। 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया। हालांकि, किसी ने शार्ट सर्किट बताया तो कुछ गोदाम के उत्तर तरफ कूड़ा जलाने से आग लगने की बात कर रहे हैं। फिलहाल, शाहपुर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम जांच कर रही हैं।
जानकारी के मुताबिक, शाहपुर इलाके के शिवपुर सहबाजगंज सेक्टर नंबर 3 में दो भाईयों नरेंद्र और अभय श्रीवास्तव का लगभग 20 सालों से कोजी टेंट के नाम से गोदाम हैं। नरेंद्र ने बताया कि लगभग 12 कर्मचारी है। उनका टेंट का सामान कई मैरिज हालों में जाता हैं।
रविवार की सुबह कर्मचारी ने सूचना दी की टिनशेड वाली गोदाम में आग लग गई हैं। उन्होंने बताया कि गोदाम में लगभग 20 लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया है। गोदाम का बीमा भी है। शिवपुर सहबाजगंज सेक्टर नंबर 3 में आग लगने की सूचना पर फायर की ब्रिगेड तीन बड़ी गाड़ी और दो छोटी गाड़ी पहुंची, लेकिन 100 मीटर पहले मोड़ पर एक टेलीफोन की अनुपयोगी पोल होने से फायर ब्रिगेड की बड़ी गाड़ी अंदर नहीं जा पाई।
जिसके बाद दमकल कर्मियों ने फायर ब्रिगेड की दोनों छोटी गाड़ियों को दूसरे रास्ते भेजा और तीनों बड़ी दमकल की गाड़ियों को मोड पर रोक कर किसी तरह पाइप के सहारे काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।